मनोज राम- प्रयागराज की शानदार जीत, आशीष बने हीरो

सिवान जिले के आंदर प्रखंड स्थित खेल मैदान में देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद स्पोर्ट्स एकेडमी द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे मैच में प्रयागराज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सोनपुर रेलवे को एकतरफा मुकाबले में 9 विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

मैच में सोनपुर रेलवे के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। शुरुआती ओवरों में टीम ने ठीक-ठाक शुरुआत की, लेकिन प्रयागराज के गेंदबाज आशीष कुमार की घातक गेंदबाजी के सामने सोनपुर रेलवे की पूरी टीम टिक नहीं सकी। आशीष की सटीक लाइन और लेंथ के आगे सोनपुर रेलवे की बल्लेबाजी बिखर गई और पूरी टीम मात्र 12वें ओवर में 66 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

जवाब में प्रयागराज की टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए आक्रामक अंदाज अपनाया। टीम ने केवल 1 विकेट गंवाकर 9वें ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबले को पूरी तरह अपने पक्ष में कर लिया। इस जीत के साथ प्रयागराज ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

मैच के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में दरौली विधानसभा के भूतपूर्व प्रत्याशी मनोज राम जी तथा गोपालपुर के चेयरमैन जाकिर अली उपस्थित रहे। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मुख्य अतिथि मनोज राम जी द्वारा प्रयागराज के आशीष कुमार को प्रदान किया गया, जिन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके और सोनपुर रेलवे को सस्ते में समेटने में अहम भूमिका निभाई।

इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष पूर्व विधान परिषद सदस्य परमात्मा राम जी सहित इमाम हुसैन, मनन प्रसाद, रामू दूबे, नन्हे दूबे, मुबारक सर, डॉ. युवराज सिंह, दिलशाद हसन, जितेंद्र जी, भोला भाई और राजू सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मैच के अंपायर अर्जुन पांडेय और अकरम खान रहे, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी सुग्रीव प्रसाद और संतोष सिंह ने निभाई। आयोजन समिति के अनुसार टूर्नामेंट का अगला मुकाबला लखनऊ और दुबई की टीमों के बीच खेला जाएगा।


हमसे ईमेल या मैसेज द्वारा सीधे संपर्क करें.

क्या यह आपके लिए प्रासंगिक है? मेसेज छोड़ें.